Dehradun News | मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी से आज मुख्यमंत्री आवास में मध्य प्रदेश सरकार के नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री राकेश शुक्ला ने शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर उत्तराखण्ड सरकार के कैबिनेट मंत्री श्री सुबोध उनियाल भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री और मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री के बीच विभिन्न समसामयिक विषयों के साथ ही दोनों राज्यों में संचालित विकास योजनाओं एवं जनहित से जुड़े विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। इस दौरान राज्यों के बीच आपसी सहयोग, अनुभवों के आदान-प्रदान तथा विकास के विभिन्न क्षेत्रों में संभावनाओं को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।
इस दौरान स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा, नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में नवाचार तथा सतत विकास से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई। मध्य प्रदेश में सौर एवं अन्य नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं को बढ़ावा देने के प्रयासों को देखते हुए ऊर्जा क्षेत्र में दोनों राज्यों के अनुभवों और संभावनाओं के आदान-प्रदान को महत्वपूर्ण माना गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड और मध्य प्रदेश के बीच लंबे समय से आत्मीय एवं सांस्कृतिक संबंध रहे हैं। दोनों राज्यों के बीच विभिन्न क्षेत्रों में अनुभवों और श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों का आदान-प्रदान विकास की गति को और अधिक प्रभावी बनाने में सहायक हो सकता है।
