हरिद्वार, 28 मार्च। प्राइड फार्मा कंपनी और युवा कांग्रेस नेता कैश खुराना ने ड्रग इंस्पेक्टर अनीता भारती पर गंभीर आरोप लगाए हैं। प्रैस क्लब में प्रैसवार्ता के दौरान प्राइड फार्मा कंपनी के प्रतिनिधि रमेश मैठाणी ने बताया कि उन्होंने दवाइयों के निर्माण के लिए लाइसेंस हेतु ऑनलाइन आवेदन किया था। इसके बाद उन्हें ड्रग इंस्पेक्टर अनीता भारती के शिवालिक नगर स्थित कार्यालय बुलाया गया। जहां कुछ दस्तावेजों और रजिस्टर पर उनसे हस्ताक्षर करवाए गए। रमेश मैठाणी ने आरोप लगाया कि इसके बाद उन्हें एक व्हाट्सएप नंबर देकर पैसे देने की मांग की गयी। जिस पर उन्होंने कई बार ऑनलाइन पैसे किए। रमेश मैठाणी ने यह भी आरोप लगाया कि लाइसेंस प्रक्रिया के दौरान उनसे लाखों रुपये लिए गए। उन्होंने बताया कि लाइसेंस बनवाने की प्रक्रिया में अनियमिताएं होने की जानकारी विभाग के अधिकारियों एवं भाजपा प्रतिनिधियों को भी दी थी। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
कांग्रेस नेता कैश खुराना ने कहा कि सरकार और प्रशासन को जिन नंबरों पर रमेश मैठाणी द्वारा ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर किए गए हैं। उनकी गहरायी से जांच करानी चाहिए। साथ ही लंबे समय से हरिद्वार में तैनात ड्रग इंस्पेक्टर को तत्काल निलंबित कर उनकी संपत्ति की जांच करानी चाहिए। कैश खुराना ने कहा कि यह इकलौता मामला नहीं है। ड्रग इंस्पेक्टर कार्यालय से प्रताड़ित कई अन्य लोग भी जल्द ही सामने आएंगे।
दूसरी और ड्रग इंस्पेक्टर अनीता भारती ने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर उन पर लगाए गए आरोपों को झूठा और बेबुनियाद बताया है। उन्होंने कहा कि मामला स्टेशनरी सामग्री से संबंधित हैं। जिसके संबंध में सभी तथ्य वे शीघ्र सार्वजनिक करेंगी। उन्होंने कहा कि उन पर लगाए गए सभी आरोप झूठे और भ्रामक हैं।
