हरिद्वार। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने शनिवार देर शाम हरिद्वार के प्रबुद्ध तीर्थ पुरोहितों से आत्मीय भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने धर्मनगरी के आध्यात्मिक, धार्मिक, सामाजिक एवं राजनीतिक विषयों पर विस्तार से चर्चा कर स्थानीय परिस्थितियों की जानकारी ली।
आलोक शर्मा, वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं मनोज सैनी, सोम त्यागी एवं विकास चंद्र के साथ ज्वालापुर स्थित तीर्थ पुरोहित अविक्षित रमन के आवास पहुंचे, जहां उपस्थित तीर्थ पुरोहितों ने माल्यार्पण कर उनका भव्य स्वागत किया।
इससे पूर्व उन्होंने प्राचीन भाई जी मंदिर में भगवान श्री कामेश्वर महादेव के दर्शन कर पूजा-अर्चना की तथा आशीर्वाद प्राप्त किया।
स्वागत समारोह में श्री गंगा सभा के पूर्व अध्यक्ष पं. प्रदीप झा, अखिल भारतीय तीर्थ पुरोहित महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पं. श्रीकांत वशिष्ठ, प्रसिद्ध भागवताचार्य पं. करुणेश मिश्र, वरिष्ठ अधिवक्ता प्रदीप जगता, प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार अविक्षित रमन, गोपाल पटवर, सुनील मिश्रा, राधेश्याम विद्याकुल, आशीष भगत, पराग मिश्रा तथा दैवज्ञ रमन सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान वरिष्ठ कांग्रेसी नेता प्रदीप जगता ने हरिद्वार में कांग्रेस संगठन को वार्ड एवं बूथ स्तर तक और अधिक सशक्त बनाने की आवश्यकता पर बल दिया। इस पर आलोक शर्मा ने भी संगठन को जन-जन तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
अंत में पं. प्रदीप झा, पं. करुणेश मिश्र एवं पं. श्रीकांत वशिष्ठ ने आलोक शर्मा को राजनीतिक जीवन के लिए शुभकामनाएं देते हुए माँ गंगा से उनके सफल एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
