प्रमुख सचिव आर.के.सुधांशु ने अधिकारियों के साथ किया स्थलीय निरीक्षण,परियोजना की रूपरेखा पर की समीक्षा
मुख्यमंत्री की प्रमुख घोषणाओं में शामिल है शोध संस्थान की स्थापना
हरिद्वार, 25 जून 2026
उत्तराखंड के मा.मुख्यमंत्री की प्रमुख घोषणाओं के क्रम में हरिद्वार स्थित ऋषिकुल मैदान में भव्य ‘मदन मोहन मालवीय प्राच्य शोध संस्थान’ की स्थापना की जाएगी। प्रस्तावित संस्थान भारतीय ज्ञान परंपरा, संस्कृति एवं प्राच्य विद्याओं के संरक्षण, संवर्धन तथा शोध का एक महत्वपूर्ण केंद्र होगा।
इस परियोजना के सफल क्रियान्वयन के लिए प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री आर.के.सुधांशु ने गुरुवार को संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ ऋषिकुल मैदान का स्थलीय निरीक्षण कर प्रस्तावित परियोजना के लिए उपलब्ध भूमि एवं आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
स्थलीय निरीक्षण के उपरांत प्रमुख सचिव ने हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) के सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर परियोजना की विस्तृत रूपरेखा, भूमि संबंधी विषयों, मूर्ति स्थापना,चार दीवारी ,आधारभूत संरचना,मंच निर्माण,पार्किंग व्यवस्था तथा निर्माण कार्य की कार्ययोजना की समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित करते हुए परियोजना को शीघ्र धरातल पर उतारने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए है कि संबंधित अधिकारी एक सप्ताह के भीतर अपनी अपनी कार्ययोजना उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।उन्होंने योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए शासन स्तर पर की जाने वाली कार्यवाही के लिए सचिव पर्यटन धीराज सिंह गर्ब्याल को नोडल अधिकारी नामित किया गया है तथा जिला स्तर पर की जाने वाली कार्यवाही के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित को नोडल अधिकारी नामित किया है।
प्रमुख सचिव ने कहा कि प्रस्तावित मदन मोहन मालवीय प्राच्य शोध संस्थान भारतीय संस्कृति एवं प्राचीन ज्ञान-विज्ञान के संरक्षण और शोध के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा। संस्थान में योग, ज्योतिष, वास्तुशास्त्र, भारतीय कला, दर्शन, वैदिक अध्ययन तथा अन्य प्राच्य विद्याओं पर शोध,अध्ययन एवं प्रशिक्षण की सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिससे भारतीय ज्ञान परंपरा को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी।
बैठक में शोध संस्थान के सफल क्रियान्वयन के लिए तैयार की गई कार्य योजना का पीपीटी के माध्यम से प्रस्तुतीकरण किया गया।
बैठक में सचिव पर्यटन धीराज सिंह गर्ब्याल, सचिव आयुष रंजना राजगुरु, महानिर्देशक संस्कृति एवं भाषा युगल किशोर पंत, कुंभ मेलाधिकारी सोनिका, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित,एचआरडीए सचिव प्रत्यूष सिंह,सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी,एचआरडीए सचिव प्रत्यूष सिंह, जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ स्वास्तिक,जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
