मुख्य सचिव श्री आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में नैनीताल एवं मसूरी से संबंधित विभिन्न समस्याओं के समाधान और व्यवस्थाओं के सुदृढ़ीकरण को लेकर महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में समुचित यातायात प्रबंधन, आवश्यक स्थलों पर लाइटिंग, मुख्य मार्गों का रंग-रोगन, सौंदर्यीकरण, साफ-सफाई तथा पर्यटकों की सुरक्षा से जुड़े विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
मुख्य सचिव ने आयुक्त एवं पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल एवं कुमाऊँ तथा जिलाधिकारी देहरादून और नैनीताल से दोनों मंडल और जनपदों से संबंधित समस्याओं की अद्यतन जानकारी प्राप्त की। मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, सड़क सुधारीकरण, पार्किंग, मोबाइल नेटवर्क कनेक्टिविटी, लाइटिंग, कूड़ा निस्तारण आदि से संबंधित आवश्यकताओं के लिए दोनों जनपद यदि आवश्यक हो तो तत्काल प्रस्ताव प्रस्तुत करें। साथ ही, चल रहे कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
नैनीताल एवं आसपास के मार्गों पर मोबाइल नेटवर्क बाधित होने वाले ब्लाइंड स्पॉट चिन्हित करने तथा जहां-जहां लाइटिंग की आवश्यकता है, वहां तत्काल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसी प्रकार, मसूरी में किंग्रेट स्थित पार्किंग के बेहतर उपयोग हेतु पर्यटन विभाग के समन्वय से कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए गए।
मुख्य सचिव ने जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि शहर में अव्यवस्थित तारों के जाल को ठीक कराया जाए । छोटे-मोटे भद्दे विज्ञापन हटाए जाएं, जिससे राज्य का नैसर्गिक स्वरूप प्रभावित होता है। साथ ही साफ-सफाई, जल निकासी नालियों की सफाई, रंगाई-पुताई, रेलिंग एवं सौंदर्यीकरण से जुड़े सभी आवश्यक कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण किए जाएं।
पर्यटकों से ओवर चार्जिंग या किसी भी प्रकार के दुर्व्यवहार पर सख्त निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। इसके लिए महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों को सादे वस्त्रों में विभिन्न स्थलों पर तैनात रखने तथा त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि पर्यटकों में किसी भी प्रकार का नकारात्मक संदेश न जाए।
बैठक में सचिव श्री नितेश झा, डॉ. आर. राजेश कुमार, श्री रणवीर सिंह चौहान, डी. एस. गर्ब्याल, हॉफ वन विभाग श्री रंजन मिश्र सहित वर्चुअल माध्यम से आयुक्त गढ़वाल एवं कुमाऊँ, आईजी गढ़वाल एवं कुमाऊँ, जिलाधिकारी देहरादून एवं नैनीताल तथा अपर सचिव श्री बंशीधर तिवारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
